मिर्जापुर: अमृत जल योजना बनी मुसीबत, कीचड़ में फंसी बोलेरो का वीडियो वायरल
August 02, 2026
मिर्जापुर। शहर के पीली कोठी क्षेत्र का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक सफेद बोलेरो गाड़ी सड़क पर पड़े मिट्टी और कीचड़ के ढेर में फंसी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क की हालत बेहद खराब है। अमृत जल योजना के तहत चल रही खुदाई के बाद सड़क पर मिट्टी का ढेर लगा हुआ है, जिसमें यह गाड़ी धंस गई है। गाड़ी को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद स्थिति और भी भयावह हो जाती है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पीली कोठी स्थित पुलिस सहायता केंद्र के पास का है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि अमृत जल योजना के नाम पर शहर के कई इलाकों में सड़कें खोद कर छोड़ दी गई हैं। न तो समय से काम पूरा किया जा रहा है और न ही आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जिससे आमजन और व्यापारियों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों को गिरकर चोटिल होने का डर बना रहता है। सोशल मीडिया पर लोग नगर पालिका और कार्यदायी संस्था की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों की मांग है कि खुदाई के बाद सड़क को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
