सुलतानपुर । लम्भुआ सुलतानपुर श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार रात्रि से लेकर सोमवार प्रातः तक आदि गंगा गोमती के पावन तट स्थित धोपाप तीर्थ से श्रद्धालु जल भरकर जनवारीनाथ एवं शाहगढ़ जंगल स्थित प्राचीन शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे। ऐसी मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक गोमती जल से भगवान शिव का अभिषेक करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला पंचायत, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा चिकित्सा विभाग को पूरी तरह मुस्तैद कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, प्राथमिक उपचार तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करें, सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा शांतिपूर्ण ढंग से जलाभिषेक कर धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।
