कुड़वार /सुल्तानपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कुड़वार थाना परिसर में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचीं छात्राओं ने थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव सहित पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें भाई का स्नेह दिया और उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
राखी बांधने के बाद छात्राओं ने पुलिसकर्मियों का मुंह मीठा कराया। त्योहार के इस अवसर पर थाना परिसर का माहौल पूरी तरह से आत्मीयता और खुशियों से भर गया। ड्यूटी के कारण अपने परिवार से दूर रहकर लोगों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए छात्राओं का यह स्नेह विशेष रूप से भावुक कर देने वाला रहा।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने छात्राओं से राखी बंधवाने के बाद उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि बेटियों और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या असुरक्षा महसूस होने पर वे बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।
इस दौरान थाना परिसर में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं से राखी बंधवाकर उनकी सुरक्षा और सहयोग का संकल्प लिया। छात्राओं का यह भावनात्मक कदम पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को और मजबूत करने वाला रहा।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि खाकी केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली वर्दी ही नहीं, बल्कि समाज की बेटियों और बहनों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एक भरोसेमंद साथी भी है।
