बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव सिंधौरा बिंदुआ में विवाह के महज चार महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर चले गए। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव काजरवोझी निवासी रामदास ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीय बेटी राखी का विवाह 20 अप्रैल 2026 को सिंधौरा बिंदुआ निवासी विकास पुत्र ओमप्रकाश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। उनका आरोप है कि विवाह में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लगभग ढाई लाख रुपये नकद दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। तहरीर के अनुसार विवाह के बाद से ही अतिरिक्त 50 हजार रुपये नकद और जेवर की मांग को लेकर राखी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने कई बार फोन पर अपनी परेशानी बताई थी और यह भी कहा था कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उसके साथ अनहोनी की जा सकती है। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब नौ बजे राखी ने फोन कर फिर से दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी। बुधवार सुबह जब मायके पक्ष उसके घर पहुंचा तो राखी की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि मृतका के अंगूठे पर नीली स्याही लगी हुई थी और घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। घटना की सूचना पर दियोरिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, ननद और देवर के विरुद्ध शिकायत दी गई है। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर प्राप्त हुई है, जिसमें दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
