बीसलपुर। दियोरिया क्षेत्र के रामबाग में बकरी चराने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने कुल्हाड़ी से वार कर बकरी का पैर काट दिया। विरोध करने पर उसने बकरी मालिक और उसके परिजन को भी धमकाया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दियोरिया निवासी प्रमोद कुमार के अनुसार वह बुधवार को रामबाग क्षेत्र में अपनी बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और बिना किसी उकसावे के उसकी एक बकरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि बकरी का पैर गंभीर रूप से कट गया। प्रमोद का आरोप है कि जब उसने इस घटना का विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और कुल्हाड़ी लेकर उसकी ओर दौड़ पड़ा। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। पीड़ित ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने चाचा राजाराम को दी। आरोप है कि जब राजाराम शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे तो वहां भी उनके साथ अभद्रता की गई और उन पर कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किया गया।
पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपते हुए आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)