पीलीभीत। जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय जिमनास्टिक चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने संतुलन, फुर्ती और तकनीकी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ी अब बदायूं मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अखलाक हसन खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। चयन प्रक्रिया का संचालन राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं जिमनास्टिक प्रशिक्षक हरि किशोर ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का तकनीकी आधार पर मूल्यांकन करते हुए मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, फिटनेस और खेल भावना बनाए रखने की सीख भी दी, ताकि वे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने जिमनास्टिक की विभिन्न विधाओं में आकर्षक और संतुलित प्रदर्शन कर उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। प्रतियोगिता का वातावरण उत्साह, अनुशासन और खेल भावना से परिपूर्ण रहा। समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अखलाक हसन खान, नवनीत रस्तोगी, जावेद, हाशिम सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का सफल संचालन अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
