लखनऊ। पारा थाना पुलिस ने जनता के सहयोग से सवारी ऑटो और ई-रिक्शा में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन झपटमारी और चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की तीन शातिर महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पीली धातु की दो टूटी हुई चेन बरामद की हैं। बरामद चेन का कुल वजन 16.8 ग्राम है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को लक्ष्मी यादव श्रृंगार नगर मेट्रो स्टेशन से पुराना पारा जाने के लिए सवारी ऑटो में बैठी थीं। इसी दौरान तीन महिलाएं ऑटो में सवार हुईं। आरोप है कि तीनों ने बातचीत, बैग और दुपट्टे की खींचातानी के जरिए लक्ष्मी यादव का ध्यान भटकाया और उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
चेन छीने जाने का अहसास होते ही महिला ने शोर मचा दिया। ऑटो चालक रिंकू की सूझबूझ और स्थानीय लोगों व रिश्तेदारों की मदद से तीनों महिलाओं को घेर लिया गया और पुराना पारा थाने के पास पुलिस पिंक बूथ पर पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों की तलाशी ली। तलाशी में महिला के कब्जे से छीनी गई टूटी हुई सोने की चेन बरामद हो गई। इसके अलावा एक अन्य टूटी हुई पीली धातु की चेन भी मिली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में काम करती हैं। तीनों एक साथ ऑटो या ई-रिक्शा में बैठती थीं और भीड़भाड़ अथवा सुनसान स्थिति का फायदा उठाकर महिला सहयात्रियों को बातचीत में उलझाती थीं। इसके बाद बैग, दुपट्टे या कपड़ों की आड़ लेकर आभूषण काटने अथवा झपटने का काम किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में गुमराह करने के लिए बाराबंकी जनपद के फर्जी नाम और पते बताए थे। सत्यापन के बाद उनके वास्तविक नाम-पते कुशीनगर के सामने आए।
जांच के दौरान सामने आया कि 28 जुलाई को बुद्धेश्वर चैराहे के पास तीनों महिलाओं ने एक ई-रिक्शा में बैठी बुजुर्ग महिला को बातचीत में उलझाकर उसकी सोने की चेन चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं ने राह चलते लोगों को बच्चे के इलाज की मजबूरी बताकर चेन बेच दी थी और मिले रुपये खर्च कर दिए।
इस मामले में थाना पारा में मु0अ0सं0 518ध्2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, मुकदमे की वादिनी बुजुर्ग महिला ने गिरफ्तार तीनों महिलाओं को देखकर पहचान भी की है।
पुलिस ने ऊषा पत्नी टक्कल (23 वर्ष), संगीता पत्नी संजय (39 वर्ष) और तारा पत्नी विवेक (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों कुशीनगर जनपद की रहने वाली हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 597ध्2026, धारा 304(2)ध्317(2) बीएनएस के तहत भी कार्रवाई की है। बरामदगी और पुराने मामले में आगे की जांच जारी है।
बरामदगी
- लक्ष्मी यादव की छीनी गई पीली धातु की चेन कृ 10.2 ग्राम
- दूसरी चोरी की पीली धातु की चेन कृ 6.6 ग्राम
- कुल वजन कृ 16.8 ग्राम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक मोहित भाटी, आरक्षी अजय कुमार सिंह, मनोज कुमार तथा महिला आरक्षी प्राख्या शुक्ला, कंचन राजभर और पूजा वेदी शामिल रहीं।
