बलिया। जनपद के दुबहड़ थाना क्षेत्र में पुरानी पट्टीदारी की रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मामूली विवाद के दौरान हुए लाठी से हमले में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव में पुरानी पट्टीदारी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 58 वर्षीय राजदेव पाठक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात लगभग आठ बजे राजदेव पाठक पुत्र रामकेवल पाठक अपने पड़ोसी काशी यादव के दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार एवं पड़ोसी उत्कर्ष पाठक पुत्र हरिहर पाठक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उत्कर्ष पाठक ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे राजदेव पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)