Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः सिकंदरपुर की सियासत गरमाई! सुभासपा नेता संजय भाई ने सपा विधायक रिजवी पर लगाए भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप


बलिया। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सुभासपा के राष्ट्रीय सचिव संजय भाई ने सिकंदरपुर से सपा विधायक मुहम्मद रिजवी पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और विकास कार्यों का श्रेय लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों पर सपा विधायक की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुभासपा और समाजवादी पार्टी के बीच बढ़ती तल्खी अब बलिया की स्थानीय राजनीति में भी खुलकर दिखाई देने लगी है। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर द्वारा लगातार समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर हमले किए जाने के बीच अब पार्टी के अन्य नेता भी सपा जनप्रतिनिधियों को निशाने पर ले रहे हैं।

इसी क्रम में सुभासपा के राष्ट्रीय सचिव संजय भाई ने सोमवार को सिकंदरपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक मुहम्मद रिजवी पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि विधायक बिना कमीशन के कोई कार्य नहीं करते और अपने विधानसभा क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य कराने में सफल नहीं रहे हैं।

संजय भाई ने आरोप लगाया कि विधायक समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का भी श्रेय स्वयं लेने का प्रयास करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ष्अगर उनका बस चले तो कुतुब मीनार, ताजमहल और लाल किला को भी अपना काम बता दें।ष्

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनपद की विभिन्न विधानसभाओं में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विधायक लगातार शिकायतें कर ठेकेदारों पर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं, ताकि उनसे लाभ लिया जा सके।

आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए संजय भाई ने दावा किया कि इस बार सिकंदरपुर विधानसभा सीट सुभासपा के गठबंधन के हिस्से में आएगी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है तो वह चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हालांकि, सुभासपा नेता द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक सपा विधायक मुहम्मद रिजवी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। ऐसे में इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि विधायक का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |