बीसलपुर। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सनातन धर्म पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सांसद पप्पू यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की और होली चैराहे पर सांसद का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कार्यकर्ता गोपी टॉकीज मार्ग स्थित भूमि विकास बैंक परिसर में एकत्र हुए। यहां सांसद का प्रतीकात्मक पुतला तैयार किया गया। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में होली चैराहे पहुंचे, जहां सनातन धर्म के सम्मान में नारे लगाए गए और पुतले में आग लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था पर अपमानजनक टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करती है और ऐसी टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने संबंधित सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष धनपाल गंगवार, जिला उपाध्यक्ष श्वेता अग्रवाल एवं जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रांकुर गर्ग ने किया। कार्यक्रम में जिला संयोजक शिवम, जिला गोरक्षा प्रमुख नंद किशोर, जिला धर्माचार्य प्रमुख बागीश, नगर अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष अनमोल रस्तोगी, अंकुर अग्रवाल, ओमेश कुमार तथा नगर मातृशक्ति संयोजिका अंजली गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
