Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जगदीशपुर: मिठाई के रेट में बिक रहा डिब्बा, मिष्ठान भंडारों पर लूट-खसोट का आरोप


जगदीशपुर/अमेठी। त्योहारों और मांग बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के मिष्ठान भंडारों पर ग्राहकों से मनमाने दाम वसूलने के आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि कई दुकानदार मिठाई के निर्धारित वजन और कीमत के साथ कागज व दफ्ती से बने डिब्बे का वजन भी मिठाई की दर पर कर रहे हैं। इससे ग्राहकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और दुकानदार अतिरिक्त मुनाफा कमा रहे हैं। विकासखंड क्षेत्र के रानीगंज बाजार स्थित अनुभव मिष्ठान भंडार समेत आसपास के कई मिष्ठान विक्रेताओं की दुकानों पर इस तरह की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकानों पर मिठाई खरीदते समय डिब्बे का वजन अलग से नहीं किया जाता, बल्कि मिठाई के साथ ही डिब्बे का वजन जोड़कर उसी दर से भुगतान लिया जाता है। ग्राहक जब इस संबंध में सवाल करते हैं तो उन्हें अलग-अलग तर्क देकर मामले को टालने का प्रयास किया जाता है। ग्राहकों का कहना है कि मिठाई के नाम पर कागज और दफ्ती के डिब्बे का वजन भी उसी कीमत पर बेचना सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालता है। वहीं कुछ दुकानों पर मिलावटी और रासायनिक पदार्थों से तैयार मिठाइयों की बिक्री के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मिष्ठान भंडारों की नियमित जांच और मिठाइयों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए संबंधित विभाग जिम्मेदार है। इसके बावजूद यदि दुकानों पर इस तरह की अनियमितताएं हो रही हैं तो विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मिष्ठान भंडारों पर अचानक छापेमारी कर मिठाइयों के नमूने लिए जाएं और वजन व मूल्य की भी जांच की जाए। इस संबंध में ’’उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना’’ ने बताया कि मामले की जांच के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जांच में यदि किसी दुकानदार द्वारा अनियमितता बरतना पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |