प्रतापगढ़। जिले में रविवार को महुली वृद्धाश्रम में बुजुर्गों ने उत्साह पूर्वक 15 अगस्त मनाकर देशभक्ति का संदेश दिया। वृद्धाश्रम के सबसे बुजुर्ग 106 वर्षीय दादा जयराम जी के साथ समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने झंडा रोहण किया। इस अवसर पर बुजुर्गों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ वृद्धाश्रम परिसर गूंज उठा। सभी बुजुर्गों ने देश की एकता अखंडता और राष्ट्र प्रेम के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की। एलायंस क्लब इंटरनेशनल डायरेक्टर व समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान, गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावनाओं को और सुदृढ़ करना है। वीर सपूतों को याद कर उनकी दी गई कुर्बानी को आने वाली पीढ़ी को भी अवगत कराने का मूल उद्देश्य है।
वृद्धाश्रम के प्रबंधक अंबिका प्रसाद ने कहा कि तिरंगा हमारे देश व राष्ट्र की शान और सम्मान का प्रतीक है तथा हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखें। आज 15 अगस्त के अवसर पर सभी वृद्धजनों में काफी उत्साह दिखा। इस अवसर पर धर्मेंद्र,जयराम,शिव बाबू, आशिक अली, साक्षी,भारतीय सचान, आदर्श कुमार,बलबीर कुमार, कंचन पांडे,प्रीति, तारावती, सुनील कुमार,शिवचंद शुक्ला,पंकज आदि वृद्धजनों ने सहभागिता की।
