लखनऊ। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के अंचल कार्यालय लखनऊ परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बैंक के उप अंचल प्रबंधक श्री सैय्यद अतहर हुसैन काजमी एवं श्री विराज डोगरा ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उपस्थित सभी स्टाफ सदस्यों ने समवेत स्वर में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर श्री सैय्यद अतहर हुसैन काजमी ने स्वतंत्रता संग्राम के सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी स्टाफ सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय होने पर हम सभी को गर्व होना चाहिए। देश को उन्नत एवं मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा एवं लगन के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम देश की प्रगति में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि भारत आज तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बैंक की प्रगति में सभी स्टाफ सदस्यों, सुरक्षा कर्मियों एवं सफाई कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की।
श्री विराज डोगरा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी स्टाफ सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बैंकर्स भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बैंक वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण, महिला सशक्तीकरण, एमएसएमई एवं किसानों को ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराकर भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की ग्राहक सेवा को और बेहतर बनाते हुए बैंकिंग नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी, सुरक्षित एवं मजबूत बैंकिंग व्यवस्था के लिए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना हमारा दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में अंचल के सहायक महाप्रबंधक श्री मनीष जैन ने सभी स्टाफ सदस्यों एवं सुरक्षा गार्डों का आभार व्यक्त किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्टाफ सदस्यों के बच्चों के लिए पर्यावरण संरक्षण विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत एवं प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में लखनऊ अंचल के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी, स्टाफ सदस्य, भूतपूर्व स्टाफ सदस्य एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
