Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः घुंघचाई में खाने में नशीला पदार्थ देने का आरोप, पति-सास-ससुर की हालत बिगड़ी! पारिवारिक विवाद के बाद महिला पर पति, सास और ससुर को नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप


पीलीभीत। तहसील पूरनपुर के थाना घुंघचाई क्षेत्र की चदुइया कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला पर अपने पति, सास और ससुर को खाने में नशीला पदार्थ देने का गंभीर आरोप लगा है। सुबह तीनों की हालत बिगड़ने पर परिवार में हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

चदुइया कॉलोनी निवासी रोशनी और प्रवीण मंडल का प्रेम विवाह हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से ही परिवार में किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। गुरुवार रात भी परिवार में विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद रोशनी ने अपने पति प्रवीण मंडल (21), ससुर मोहन मंडल (65) और सास नमिता मंडल (45) को खाने में किसी प्रकार का नशीला पदार्थ दे दिया।रात में खाना खाने के बाद तीनों सो गए। शुक्रवार सुबह उठने पर उन्हें चक्कर आने और उल्टी की शिकायत होने लगी। एक साथ तीन लोगों की हालत बिगड़ने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को पूरनपुर सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पुलिस को मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई। कुछ देर बाद महिला भी घुंघचाई थाने पहुंची और पुलिस को मामले के संबंध में जानकारी दी। फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से गांव में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। अब पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि तीनों की हालत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |