पीलीभीतः रक्षाबंधन पर डीएम को छात्राओं ने बांधी राखी, सीमा जवानों के लिए भी भेजीं हस्तनिर्मित राखियां! जिले के नौ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 18 छात्राओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर को बांधी राखी
August 21, 2026
पीलीभीत। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं ने आत्मीयता और देशभक्ति का संदेश दिया। जनपद के नौ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 18 छात्राएं जिला मुख्यालय पहुंचीं और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को अपने हाथों से तैयार की गईं राखियां बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने भारत-नेपाल सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए भी हस्तनिर्मित राखियां भेजीं।राखी बांधने के दौरान छात्राओं के उत्साह और अपनत्व से माहौल भावुक हो उठा। जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राएं पढ़ाई-लिखाई में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बालिकाएं भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों की मूलभूत आवश्यकताओं और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नौ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को प्रदेश के सबसे सुंदर, बेहतर और सर्वसुविधायुक्त विद्यालयों के रूप में विकसित करने का संकल्प है। विद्यालयों में छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।कार्यक्रम में मौजूद बीएसए, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने जिलाधिकारी के समक्ष विद्यालयों से संबंधित विभिन्न विषयों को भी रखा। जिलाधिकारी ने छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित बीएसए, शिक्षकों और सभी छात्राओं का धन्यवाद व्यक्त किया।
