Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

आगराः हरियाली तीज उत्सव में दिखी लोक संस्कृति की रंगारंग झलक


आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में महिला प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को माननीय कुलपति प्रो आशु रानी जी की अध्यक्षता में हरियाली तीज उत्सव-2026 का आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की शिक्षण एवं गैर-शिक्षण महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन के आगमन के बीच आयोजित इस उत्सव में लोक संस्कृति, परंपरा और महिला सहभागिता का खूबसूरत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने उत्सव की रंगत बढ़ा दी। मेहंदी, आकर्षक झूला सजावट, पारंपरिक व्यंजनों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। महिला कर्मचारियों ने गीत संगीत, लोकगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज की पारंपरिक खुशियों को जीवंत कर दिया।

सावन के आगमन पर आयोजित समूह गीत ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। मीरा, ममता, ललिता और रजनी ने समूह गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं डॉ. संघमित्रा गौतम ने लोकगीत गायन से भारतीय लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। लोकनृत्य एवं फिल्मी गीतों पर भी प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। यूसीसी से प्रेरणा और नीतू काबरा, आईटीएचएम से डॉ. साक्षी तिवारी तथा कर्मचारी गुंजन, ममता शर्मा और ललिता जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं।

उत्सव के दौरान मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कप स्नेचिंग प्रतियोगिता में रजनी यादव विजेता रहीं, जबकि म्यूजिकल गेम में डॉ. साक्षी तिवारी ने बाजी मारी। खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और कार्यक्रम का आनंद उठाया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्वविद्यालय की चतुर्थ श्रेणी की महिला कर्मचारियों का सम्मान रहा। उनके योगदान, समर्पण और कार्य के प्रति निष्ठा को सराहते हुए माननीय कुलपति जी द्वारा सम्मानित किया गया।

माननीय कुलपति जी ने अपने उद्बोधन में बताया कि हरियाली तीज वर्षा ऋतु के आगमन, नारी गरिमा, उमंग और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा प्रमुख पर्व है। उन्होंने हरियाली तीज पर्व की बधाई देते हुए महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ आपसी संवाद, सहभागिता और सौहार्द को भी मजबूत करने का बढ़ावा दिया।

कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. अर्चना सिंह एवं सह-समन्वयक डॉ. नीलम यादव की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम के संचालन में डॉ. मोनिका अस्थाना, डॉ. रत्न पांडे, डॉ. मीनाक्षी चैधरी, जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना, डॉ रेखा शर्मा, डॉ प्रतिभा मिश्रा, डॉ सिंधुजा चैहान, नीलम शर्मा, डॉ प्रीति सिंह, डॉ श्वेता चैधरी ने सहयोग किया। मंच संचालन नीलम शर्मा एवं डॉ. मीनाक्षी चैधरी ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की महिला शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं और उन्होंने उत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

हरियाली तीज उत्सव ने सावन की हरियाली, लोकगीतों की मिठास और भारतीय परंपराओं की जीवंतता के बीच महिला शक्ति एवं सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |