लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के सैरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रैथा रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया।हादसा छठामील तिराहा से कुछ दूरी आगे हुआ।
हरदोई के कछौना निवासी राम कृष्ण (36) सैरपुर के ग्राम तिरहिया में किराये के मकान में रहते थे। शनिवार सुबह वह अपने मित्र प्रदीप (28) निवासी सरैया बाजार के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे राम कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप को मामूली चोटें आईं। वहीं सूचना पर पहुंची सैरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
