बीसलपुर। तहसील में तैनात नायब तहसीलदार के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। भाजपा नगर उपाध्यक्ष विशेश्वरदयाल गंगवार उर्फ नरेंद्र गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 31 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे तहसील रोड स्थित एक दुकान के सामने ठेला खड़ा होने के कारण नायब तहसीलदार वीरपाल सिंह यादव की सरकारी गाड़ी कुछ देर के लिए रुक गई। इसी दौरान नायब तहसीलदार ने बिना किसी उचित कारण के भाजपा नगर उपाध्यक्ष के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अपमानजनक व्यवहार करते हुए वहां से चले गए।
भाजपा नेताओं का कहना है कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी से इस प्रकार का व्यवहार अपेक्षित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की जाएगी।उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान भाजपा के नगर एवं मंडल पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
