बीसलपुर। उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार ने शनिवार को राजकीय कृषि बीज भंडार उप संभाग बीसलपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए गोदाम प्रभारी को तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उप कृषि निदेशक ग्राम परसिया पहुंचे, जहां कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) योजना के अंतर्गत डीएसआर विधि से धान की रोपाई करने वाले कृषक संजीव कुमार एवं मथुरा प्रसाद के प्रदर्शन प्लॉट का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से डीएसआर तकनीक के अनुभव, उत्पादन तथा इसके लाभों की जानकारी ली। फसल की स्थिति संतोषजनक मिलने पर किसानों को बधाई देते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर अनिल वर्मा, गोदाम प्रभारी अब्दुल मलिक, सहायक तकनीकी प्रबंधक सुनील कुमार एवं अरुण कुमार, प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी राजेश कुमार, जितेंद्र कुमार तथा प्रगतिशील कृषक देवेंद्र कुमार गंगवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
