तिलोई: नहर में डूबे विपिन का तीसरे दिन भी सुराग नहीं! छोटे भाई के नहर में कूदने के प्रयास से हड़कंप, पुलिस ने रोका
August 11, 2026
तिलोई/अमेठी। मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र में शारदा सहायक खंड 28 नहर में कूदे विपिन चैरसिया का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रविवार दोपहर को तिलोई क्षेत्र के बारकोट निवासी विपिन चैरसिया की पत्नी रोली चैरसिया ने राजामऊ पुल पर पति से विवाद के बाद अपने छोटे बच्चे को नहर किनारे बैठाकर छलांग लगा दी थी। विपिन ने पत्नी को बचाने के लिए नहर में छलांग लगाई और उसे बचा लिया, लेकिन वह खुद गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए।स्थानीय लोगों और पुलिस ने विपिन चैरसिया के शव की तलाश में व्यापक अभियान चलाया, लेकिन मंगलवार को घटना के तीसरे दिन भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।परिजन, शुभचिंतक और पुलिस लगातार तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं।इसी बीच, मंगलवार को इस घटना से आहत होकर विपिन के छोटे भाई प्रदीप ने भी नहर में कूदकर जान देने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें समय रहते पकड़ लिया।लखनऊ से जौनपुर जाने वाली शारदा सहायक खंड 28 नहर में हैदरगढ़, मऊ पुल और तिलोई पुल पर फाटक स्थापित हैं, जिनसे पानी के स्तर को नियंत्रित किया जा सकता है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने शव बरामदगी के मामले में तत्परता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि यदि अधिकारी चाहते तो इन फाटकों का उपयोग कर नहर का पानी पूरी तरह रोककर शव की तलाश कर सकते थे।नहर विभाग के जेई प्रत्यूष शुक्ला ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में पानी कम करने के लिए सभी संभव प्रयास किए हैं और पहले की तुलना में पानी का स्तर कम भी हुआ है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नहर का पानी पूरी तरह से बंद नहीं किया जा सकता, क्योंकि इससे नहर के फटने का खतरा हो सकता है। परिवार का आरोप है कि नहर में पानी कम नहीं हो रहा है, जिससे शव को खोजना मुश्किल हो रहा है। वे लगातार अधिकारियों और नेताओं से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। खबर लिखे जाने तक विपिन के शव की तलाश जारी थी।
