Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंजः युवाओं के भविष्य को मिलेगी नई उड़ान! उत्कर्ष फाउंडेशन में मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू


गौरीगंज/अमेठी। जिले में युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उत्कर्ष फाउंडेशन आईटी एंड मैनेजमेंट की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित निःशुल्क ओ लेवल एवं ट्रिपल सी कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अमेठी श्री विकास जी मौर्य द्वारा किया गया। प्रशिक्षण शुरू होने से छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उत्कर्ष फाउंडेशन आईटी एंड मैनेजमेंट पिछले कई वर्षों से अमेठी जिले में कंप्यूटर प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। संस्था की ओर से युवाओं को तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्य ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ओ लेवल एवं कंप्यूटर शिक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कंप्यूटर का ज्ञान रोजगार के लिए बेहद आवश्यक हो गया है। सरकारी कार्यालयों से लेकर निजी संस्थानों तक कंप्यूटर दक्ष युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण युवाओं के लिए आगे बढ़ने का बेहतर अवसर साबित हो सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों को ओ लेवल कोर्स के विभिन्न लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ओ लेवल जैसे कंप्यूटर कोर्स कई सरकारी एवं निजी नौकरियों में उपयोगी हैं। समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों में कंप्यूटर ऑपरेटर, उत्तर प्रदेश पुलिस सहित कई पदों और अन्य रोजगार के अवसरों में कंप्यूटर योग्यता का महत्व है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लें और कंप्यूटर के व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान दें। संस्था प्रमुख राजेश चंद्र शुक्ल ने कहा कि उत्कर्ष फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के शैक्षिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए काम करना है। संस्था पिछले कई वर्षों से इसी उद्देश्य के साथ युवाओं को कंप्यूटर एवं अन्य रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास ऐसा कौशल भी होना चाहिए, जिससे वे अपने लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकें। उन्होंने कहा कि निःशुल्क ओ लेवल एवं ट्रिपल सी प्रशिक्षण आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हो सकता है। संस्था का प्रयास है कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अभ्यर्थी सरकारी, निजी एवं अन्य रोजगार क्षेत्रों में अपनी योग्यता के आधार पर बेहतर अवसर हासिल कर सकें। कार्यक्रम में उत्कर्ष शुक्ला, कीर्ति जायसवाल, शिवांगी सिंह, ज्योति शुक्ला, राज कश्यप सहित संस्था के अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ ही अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |