लखनऊ: बीकेटी थाना क्षेत्र पुलिस चैकी के सामने बंद पड़ा सरकारी नल, प्यासे लौट रहे राहगीर
August 07, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के बख्शी का तालाब क्षेत्र के भैसामऊ पुलिया स्थित पुलिस चैकी के सामने लगा सरकारी पेयजल नल पिछले लंबे समय से बंद पड़ा है। इसके कारण स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को भीषण गर्मी में पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक नल की मरम्मत नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भैसामऊ पुलिया से लगभग 400 मीटर के दायरे में पीने के पानी की कोई दूसरी सरकारी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, मजदूर, किसान और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं गुजरते हैं, जो पहले इसी सरकारी नल से अपनी प्यास बुझाते थे। नल बंद होने के बाद लोगों को या तो बिना पानी के आगे बढ़ना पड़ता है या फिर दूर जाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चैकी के सामने होने के कारण यह स्थान हमेशा लोगों की आवाजाही वाला रहता है। ऐसे में सरकारी पेयजल नल का बंद रहना लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि राहगीरों को लंबे समय तक बिना पानी के सफर करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े सरकारी नल की तत्काल मरम्मत कराकर उसे चालू कराया जाए। उनका कहना है कि यह एक छोटी-सी तकनीकी समस्या हो सकती है, लेकिन समय पर समाधान होने से हजारों लोगों को राहत मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
