सुल्तानपुरः अखंड नगर में आवारा पशुओं का आतंक, फसलें बर्बाद, किसान बेहाल
August 01, 2026
सुल्तानपुर। अखंड नगर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में आवारा मवेशियों के कारण किसानों की लहलहाती फसलें बड़े पैमाने पर नष्ट हो रही हैं। बहोरपुर, कैथी जलालपुर, संसारपुर, सहंगिया समेत कई गांव इस समस्या से बुरी तरह प्रभावित हैं। खेतों में घुसकर मवेशी हरी-भरी फसलों को चर रहे हैं और रौंदकर भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।किसान अपनी मेहनत की कमाई बचाने के लिए दिन-रात खेतों में पहरा दे रहे हैं, फिर भी आवारा पशु फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनकी पूरी मेहनत पलक झपकते ही तबाह हो जा रही है।बहोरपुर के किसान संजय गौतम ने बताया कि वे आवारा पशुओं की समस्या से बेहद परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ब्लॉक स्तर पर कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।क्षेत्र के अन्य किसानों राजेंद्र प्रसाद, खुशहाल, श्यामलाल और राम भवन ने भी यही स्थिति बताई। उन्होंने कहा कि फसलों की रखवाली के लिए रातों को जागना पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि इन मवेशियों को जल्द पकड़कर गौशाला नहीं भेजा गया तो उन्हें भुखमरी का सामना करना पड़ सकता है।क्षेत्रीय किसानों ने शासन-प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है। किसानों की गंभीर समस्या पर स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम उठाने का इंतजार है।
