लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को उन्हें नमन किया गया। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम मुख्यालय (लालबाग) के समक्ष स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात महापौर सुषमा खर्कवाल ने श्रद्धेय कल्याण सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबूजी का पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और जन-कल्याण के लिए समर्पित था। सार्वजनिक जीवन में उनके दृढ़ संकल्प, स्पष्ट सोच और जनहित के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट और सम्मानित पहचान दिलाई।
महापौर ने आगे कहा कि बाबूजी के विचार, उच्च आदर्श और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों को सदैव समाज हित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। देश और प्रदेश उनके अतुलनीय योगदान को हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ याद रखेगा।
इस अवसर पर नगर निगम परिसर में मौजूद विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
