लंभुआ/सुलतानपुर। लंभुआ से गरये जाने वाले मार्ग पर शनिवार को जर्जर विद्युत तार टूटकर गिरने से एक भैंस की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों के मुताबिक मिश्रौली नारायनपुर निवासी अमरनाथ गुप्ता की भैंस विद्युत तार गिरने के बाद उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में करीब 35 वर्ष पुराने और जर्जर विद्युत तारों से अभी भी विद्युत आपूर्ति की जा रही है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के अभिलेखों में तार बदले जाने की बात दर्ज है, जबकि मौके पर पुराने और जर्जर तार ही दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचने को तैयार नहीं हुए। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जर्जर तारों को तत्काल बदलवाने और हादसे की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। विभागीय अधिकारियों की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना बाकी है।
