Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रामपुरः 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गांधी समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने अमर शहीदों को किया नमन


रामपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ गांधी समाधि स्थल पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।’ 

कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के पश्चात राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह औलख ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को राज्यमंत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में राज्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने गुलामी की जंजीरों को तोड़कर स्वतंत्रता प्राप्त की थी। स्वतंत्रता के इस राष्ट्रीय पावन पर्व पर हम सभी देश के महान वीर एवं अमर बलिदानी सपूतों को श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए कोटि-कोटि नमन करते हैं। उनके शौर्य, पराक्रम, बलिदान, त्याग, निष्ठा और राष्ट्रप्रेम का इतिहास हमें गौरवान्वित करने के साथ ही देशप्रेम एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। राष्ट्रधर्म सभी धर्मों में सर्वोपरि है, क्योंकि इसमें जनकल्याण की भावना निहित है। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने पूर्वजों की भांति राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा देश की गरिमा, सम्मान और गौरव को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहें।

राज्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय गीत श्वंदे मातरम्श् के 150 वर्ष भी पूर्ण हो रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम् के गायन का भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे देशभक्तों और अमर बलिदानियों के संघर्ष से प्राप्त आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी तथा विशेष रूप से नई पीढ़ी का दायित्व है।

राज्यमंत्री ने गांधी समाधि स्थल पर प्रभात फेरी के रूप में पहुंचे बच्चों को देश का भावी कर्णधार बताते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति का आधारभूत स्तंभ वहां के सुसंस्कृत एवं शिक्षित नागरिक होते हैं। शिक्षा किसी भी देश और समाज के विकास की आधारशिला है। इसके बिना स्थायी प्रगति संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुसंगठित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा से ही प्रगति, उत्पादन, विकास और बेहतर स्वास्थ्य का आधार तैयार होता है। आज भारत अपनी मेहनत, क्षमता और ज्ञान के बल पर विश्व के अनेक देशों में अपना परचम फहरा रहा है।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की अवधारणा को अंगीकृत करते हुए उत्तर प्रदेश को स्वच्छ, स्वस्थ, समर्थ एवं सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। सरकार किसानों, गरीबों, वंचितों, शोषितों एवं उपेक्षित वर्गों सहित समाज के सभी वर्गों की खुशहाली के लिए साफ नीयत और सही विकास के संकल्प को साकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रही है। मजबूत कानून व्यवस्था, जनता के साथ सीधा संवाद, रोजगार सृजन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, अमृत योजना, जल शक्ति योजना, नमामि गंगे, ग्रामीण जल आपूर्ति योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मिशन वात्सल्य एवं आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन जनमानस की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।’ 

कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित पोस्टर, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं तथा क्रॉस कंट्री रेस में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अमर बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्यालीराम लोधी, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक  मोहन लाल सैनी, सदस्य राज्य महिला आयोग सुनीता सैनी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |