पीलीभीत। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास के पर्व रक्षाबंधन पर गुरुवार को राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के आवास पर आत्मीय माहौल देखने को मिला। क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उनके आवास पर पहुंचे और राज्यमंत्री को राखी बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
बहनों ने पहले राज्यमंत्री का तिलक किया और इसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने भी बहनों के स्नेह को स्वीकार करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और पर्व की शुभकामनाएं दीं।
रक्षाबंधन के अवसर पर राज्यमंत्री के आवास पर दिनभर बहनों के आने का सिलसिला जारी रहा। राखी बांधने के दौरान भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और अपनत्व देखने को मिला। महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने और स्नेह की भावना को मजबूत करने का अवसर है।राज्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सदैव महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बहनों और उनके परिवारों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर भाजपा बरहा मंडल अध्यक्ष अनीता कश्यप सहित क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्सव और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
