Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः हर घर तिरंगा अभियान में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, शहर में निकली भव्य तिरंगा रैली! विकास भवन चैराहे से नेहरू पार्क तक निकली रैली, एसएसबी, एनसीसी, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूह और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा


पीलीभीत। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को  राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। विकास भवन चैराहे से शुरू हुई रैली में हाथों में तिरंगा थामे लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे उत्साह और उमंग का प्रदर्शन किया। रैली का समापन नेहरू पार्क में हुआ।

रैली का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया। जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव के संयुक्त नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, युवा और आम नागरिक शामिल हुए।तिरंगा रैली विकास भवन चैराहे से रवाना होकर टनकपुर मार्ग से होते हुए नेहरू पार्क पहुंची। इस दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सराबोर नजर आया। रैली में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थी, महिला स्वयं सहायता समूह, युवा कल्याण विभाग, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों के साथ नेकी की दीवार सामाजिक संस्था के सदस्यों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य से अवगत कराते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया गया। साथ ही नागरिकों से राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

रैली के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, कर्तव्य पालन और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संदेश भी दिया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत तहसील, ब्लॉक और नगर पालिका क्षेत्रों में भी तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा अवश्य फहराएं।पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव ने रैली में युवाओं और नागरिकों के अनुशासन एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व को सभी लोग हर्षोल्लास, गरिमा और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।

कार्यक्रम में डीएफओ सामाजिक वानिकी, मुख्य विकास अधिकारी, एसएसबी कमांडेंट, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |