Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः अभिलेखों में सीसी रोड, धरातल पर मिला पुराना खड़ंजा! मनरेगा कार्य में गड़बड़ी का आरोप, जांच टीम के निरीक्षण पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल


बीसलपुर। विकासखंड बरखेड़ा की ग्राम पंचायत रंभोजा में मनरेगा के तहत कराए गए कथित सीसी रोड और नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मूंगा लाल के घर से कढ़ेराम के घर तक सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य सरकारी अभिलेखों में दर्ज है, जबकि मौके पर पहले से बना पुराना खड़ंजा ही दिखाई दे रहा है।

रंभोजा निवासी ईश्वरी प्रसाद समेत आठ ग्रामीणों ने 14 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के साथ ग्रामीणों ने मौके के फोटो, मनरेगा से संबंधित दस्तावेज, शपथपत्र और पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए थे। शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम सोमवार को गांव पहुंची और स्थलीय निरीक्षण किया। हालांकि, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जांच के दौरान अभिलेखों में दर्शाए गए कार्य का मौके पर विस्तृत भौतिक सत्यापन नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जांच टीम कुछ औपचारिकताएं पूरी कर वापस लौट गई।शिकायतकर्ताओं ने कार्य से संबंधित मास्टर रोल, भुगतान विवरण, माप पुस्तिका (एमबी), कार्य की तस्वीरों सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का मिलान होने पर वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। ग्राम पंचायत सचिव का कहना है कि जांच में यदि किसी स्तर पर अनियमितता या दोष पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर सरकारी धन के दुरुपयोग की स्थिति में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |