बीसलपुर। बरखेड़ा विकासखंड की बड़ी ग्राम पंचायत दियोहना में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार द्वारा ई-पॉश मशीन से जुड़े कांटे और दूसरे कांटे का इस्तेमाल कर राशन की घटतौली की जा रही है।
सरकार ने राशन वितरण में पारदर्शिता और घटतौली रोकने के लिए वजन मशीन को ई-पॉश मशीन से जोड़ रखा है। व्यवस्था के तहत मशीन पर निर्धारित मात्रा का वजन होने के बाद ही ई-पॉश मशीन से वितरण की पर्ची निकलती है। आरोप है कि इस व्यवस्था में भी कथित तौर पर रास्ता निकाल लिया गया है।
शिकायत के मुताबिक ई-पॉश मशीन से जुड़े कांटे पर पहले से अलग-अलग वजन के कट्टे तैयार रखे जाते हैं। निर्धारित वजन का कट्टा कांटे पर रखने के बाद ई-पॉश मशीन से वितरण की पर्ची निकाल ली जाती है। इसके बाद दूसरे स्थान पर मौजूद कांटे से लाभार्थी को कथित रूप से कम वजन का राशन दिया जाता है।
दियोहना ग्राम पंचायत में सात गांवों का राशन वितरण एक ही दुकान से किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि डबल कांटे के इस्तेमाल से खुलेआम घटतौली की जा रही है। इससे पहले पिपराही में संचालित एक राशन की दुकान को कालाबाजारी के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। अब उक्त दुकान के आवंटन को लेकर 20 अगस्त को बैठक प्रस्तावित है।
मामले में बरखेड़ा के पूर्ति निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने कहा कि यदि कोटेदार डबल कांटे का इस्तेमाल कर राशन की घटतौली कर रहा है तो यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि राशन का वितरण ई-पॉश मशीन से जुड़े कांटे के माध्यम से ही किया जाना चाहिए। मामले की एक-दो दिन में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
