लखनऊ। सीतापुर रोड स्थित पुरनिया कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन में क्षेत्रीय नागरिकों ने पांच लिखित एवं 10 मौखिक शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें अधिकांश शिकायतें कूड़ा उठान, साफ-सफाई, जलभराव एवं नाली निर्माण तथा मार्ग प्रकाश से संबंधित रहीं।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने क्षेत्रीय लोगों से प्राप्त सभी शिकायतों के संबंध में मोबाइल पर ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वार्ता की। वहीं, लिखित शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर निगम एवं मार्ग प्रकाश विभाग के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड के पलटन छावनी सेक्टर-ए निवासी राजकिशोर वर्मा एवं अन्य क्षेत्रवासियों ने कॉलोनी में गलत पार्किंग एवं चबूतरों के अतिक्रमण के कारण नाली संकरी होने, सफाई व्यवस्था एवं एंटी लार्वा का छिड़काव न होने को लेकर पत्र दिया।
जानकीपुरम स्थित सरस्वती पुरम में बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास हाईमास्क लाइट लगवाने के संबंध में संतोष कुमार उपाध्याय एवं राजेंद्र पांडे ने प्रार्थना पत्र दिया। वहीं, जानकीपुरम के व्यापारियों ने मुलायम तिराहे से अटल चैराहे के बीच क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण की मांग की।
जानकीपुरम सेक्टर-के एवं लोधी तिराहा के निवासियों ने जगह - जगह सड़क एवं नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण हो रहे जलभराव की समस्या से विधायक को अवगत कराया। इसके अलावा क्षेत्रवासियों ने शराब की दुकान के आसपास आने-जाने वाले अराजक तत्वों के कारण होने वाली परेशानियों की भी शिकायत की।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डॉ. नीरज बोरा ने संबंधित अधिकारियों से मोबाइल पर वार्ता की और समस्याओं को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। जगह - जगह क्षतिग्रस्त मार्ग को लेकर डॉ बोरा ने कहा कि बरसात बाद गड्ढों को भरने का काम शुरू किया जाएगा। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किए जाने हेतु उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जानकीपुरम प्रथम के पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, लाजपत राय वार्ड के पार्षद राघवराम तिवारी एवं फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड के पूर्व पार्षद प्रदीप शुक्ला समेत कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
