पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र में नवीन आरटीओ कार्यालय बिठौरा के पास गुरुवार दोपहर एक बार फिर सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। पीलीभीत की ओर से आ रही आल्टो कार का अचानक टायर फट गया। इससे बेकाबू हुई कार सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा दोपहर करीब 1रू45 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार ग्राम जागीर हुल्ला, थाना बिथरी चैनपुर, जनपद बरेली निवासी करीब 45 वर्षीय अमर पुत्र नन्हे चला रहे थे। पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जाते समय कार का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पूरनपुर की दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गया।सूचना पर पुलिस पहुंची और गंभीर रूप से घायल अमर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से आगे स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान न्च्21ब्छ4989 के रूप में हुई है। पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
इस मार्ग पर आए दिन होने वाले सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने हादसों वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
