बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगतपुर में खेत पर घास काटने गई महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जगतपुर निवासी रजनी मौर्य, उम्र करीब 35 वर्ष, पत्नी वीरेंद्र कुमार गुरुवार सुबह खेत पर घास काटने गई थीं। घास काटते समय अचानक सांप ने उन्हें डस लिया। महिला को सांप के काटने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के बजाय झाड़-फूंक कराने वाले के पास ले गए। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही दियोरिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि जगतपुर में एक महिला की सर्पदंश से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
