रामपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।ध्वजारोहण के उपरांत उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने आसपास के लोगों को भी अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि घर-घर तिरंगा फहराने से नई पीढ़ी एवं युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना और अधिक मजबूत होगी। राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव, सम्मान और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के महत्व को समझने तथा देश के स्वतंत्रता आंदोलन एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बारे में जानने की प्रेरणा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का भी अवसर है। हर घर तिरंगा अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के वास्तविक मायनों, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा अमर बलिदानियों के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा सभी से राष्ट्रहित एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
