रामपुर। ठेकेदार से रुपये मांगने, गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने के आरोप में शाहबाद पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर निवासी ठेकेदार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त की शाम वह एक दुकान पर गए थे। आरोप है कि वहां एक व्यक्ति ने उनसे रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए अन्य लोगों को बुलाने की बात कही गई।
पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद चार लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी देने लगे। आरोप है कि उनके साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार रुपये की मांग कर परेशान कर रहे हैं और मांग पूरी न करने पर मारपीट की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
