Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः कार सवार परिवार पर हमला, ईंट-पत्थर बरसाए, फायरिंग का आरोपय पुलिस बोली- सड़क हादसे के बाद विवाद का मामला


लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक कार सवार परिवार पर हमला किए जाने और फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद कई बाइक और कारों से आए लोगों ने उनकी कार को घेरकर ईंट-पत्थर बरसाए और तीन राउंड फायरिंग की। हालांकि पुलिस ने फिलहाल गोली चलने की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पंडित खेड़ा गांव निवासी रंजीत यादव ने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपनी पत्नी पिंकी और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ कार से हंसखेड़ा से दुबग्गा स्थित चरक इंस्टीट्यूट जा रहे थे। रास्ते में किसी बात को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद कई बाइक और कारों से आए अज्ञात लोगों ने उनकी कार को चारों ओर से घेर लिया और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। रंजीत का कहना है कि हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग भी की, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।

जान बचाने के प्रयास में रंजीत ने तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी। इस दौरान रास्ते में तीन बाइकों से उनकी कार टकरा गई। किसी तरह वह बुद्धेश्वर चैराहा पुलिस चैकी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी।

पीड़ित रंजीत यादव और उनकी पत्नी पिंकी का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से उनका पूरा परिवार भयभीत है और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथमदृष्टया मामला सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद का प्रतीत हो रहा है। गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |