सुल्तानपुरः वायरल फीवर तेजी से फैल रहा, घबराने की जरूरत नहीं- अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह
August 11, 2026
सुल्तानपुर। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंड नगर के अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि इन दिनों वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है। उन्होंने लोगों को इसके उपचार और बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।अधीक्षक सिंह के अनुसार वायरल फीवर में ज्यादा घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि मरीज अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें। यह बुखार आमतौर पर लगभग एक सप्ताह में ठीक हो जाता है, इसलिए अनावश्यक जांच के चक्कर में न पड़ें।उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में अक्सर चिकनगुनिया, डेंगू और टाइफाइड जैसी बीमारियां भी फैलती हैं। इनसे बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। लोगों को हल्का और सुपाच्य भोजन लेना चाहिए, साफ-सुथरा पानी पीना चाहिए और तेज धूप से बचना चाहिए। अधीक्षक ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।सिंह ने कहा कि गांवों में गंदगी के कारण लोगों में जुकाम, बुखार और खांसी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसी स्थितियों में घबराने या अत्यधिक जांच कराने के बजाय साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखना चाहिए।अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि इस समय सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में ज्यादातर वायरल फीवर के मरीज आ रहे हैं, जिनका तत्काल इलाज किया जा रहा है और उन्हें सावधानी बरतने के बारे में भी बताया जा रहा है।
