लखनऊः मड़ियांव में सड़क किनारे मिला युवक का शव! पास से नशीले इंजेक्शन बरामद, पुलिस की जांच-पड़ताल जारी
August 16, 2026
लखनऊ। लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सीतापुर रोड किनारे एक युवक का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल जानकीपुरम स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय सतेन्द्र पुत्र राम बालक के रूप में हुई है। सतेन्द्र मूल रूप से महमूदाबाद, सीतापुर का निवासी था। वह लखनऊ में रामचंद्र मिशन के सामने किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। उसके पिता चैकीदार का काम करते हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से कुछ नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। घटनास्थल पर सड़क किनारे उसकी बाइक भी खड़ी मिली। पुलिस ने बाइक और इंजेक्शन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं मड़ियांव थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे सड़क किनारे एक युवक के पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस युवक की मौत के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही यह साफ हो पायेगा,कि युवक की मौत नशे के सेवन से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
