बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम भैस्टा जलालपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते एक गरीब परिवार का मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन दीवारों के चटकने की आवाज सुनकर उन्होंने तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े, खाने-पीने का सामान और अन्य घरेलू सामग्री मलबे में दबकर नष्ट हो गई।
ग्राम निवासी नेमपाल सिंह पुत्र कृष्ण पाल सिंह का मकान पिछले कई दिनों से हो रही रुक-रुककर बारिश के कारण कमजोर हो गया था। बीते दिन परिवार के लोग घर के अंदर बैठे थे। इसी दौरान अचानक मकान की दीवारों में दरार पड़ने और चटकने की आवाज सुनाई दी। खतरे को भांपते हुए नेमपाल सिंह और उनके परिजन आनन-फानन में घर से बाहर निकल आए। उनके बाहर निकलते ही मकान की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं।मकान के मलबे में घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री दब गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। मकान ढह जाने के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।पीड़ित ने घटना की लिखित सूचना तहसील कार्यालय में देकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे कराने तथा पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि और सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
