लखनऊ। नगर निगम द्वारा शहर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंगलवार को मालवीय नगर वार्ड (जोन-2) स्थित पीसीटीएस परिसर, बुलाकी अड्डा में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्वयं पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
पौधारोपण अभियान में महापौर के साथ स्थानीय पार्षद श्रीमती ममता चैधरी, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी मनोज यादव, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, जोनल सेनेटरी अधिकारी राम सकल यादव, लायन एनवायरो के एमडी रणधीर सिंह सहित नगर निगम और लायन एनवायरो के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी पौधे रोपे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं। महापौर ने स्पष्ट किया कि लखनऊ नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
