Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुरः एक साथ तीन किशोरियां लापता, परिजनों ने पुलिस से लगाई बरामदगी की गुहार


रुद्रपुर। शिवनगर और लालपुर क्षेत्र से एक साथ तीन किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरियों की बरामदगी की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में परिजन और क्षेत्रवासी ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने सांकेतिक प्रदर्शन कर पुलिस को तहरीर सौंपी और किशोरियों को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी तहरीर में शिवनगर निवासी रोशनी रस्तौगी ने बताया कि 13 अगस्त को उनकी पुत्री नेहा रस्तौगी लालपुर स्थित नीलकंठ कॉलोनी फेस-1 में अपनी बुआ के घर गई थी। रात करीब आठ बजे जब वह अपने पति के साथ बेटी को लेने बुआ के घर पहुंचीं तो नेहा वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

तलाश के दौरान परिजनों को पता चला कि नेहा के साथ लालपुर नीलकंठ कॉलोनी निवासी माही रस्तौगी और अंजलि कश्यप भी अपने-अपने घरों से लापता हैं। परिजनों के अनुसार, नेहा की शाम करीब सात बजे एक युवक से फोन पर बातचीत भी हुई थी। तीनों किशोरियों के एक साथ लापता होने से परिजन चिंतित हैं और उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि तीन किशोरियों का एक साथ लापता होना गंभीर मामला है। पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए किशोरियों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

पुलिस ने परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस टीमों ने किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों के साथ ही मामले से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दौरान अशोक रस्तौगी, बबलू रस्तौगी, गीता गुप्ता, सौरभ रस्तौगी, राकेश रस्तौगी, अजय रस्तौगी, विशाल रस्तौगी, राजेश रस्तौगी, रवि रस्तौगी, अरविंद रस्तौगी, अर्जुन रस्तौगी, राजपाल रस्तौगी, रोशनी रस्तौगी, मोहन लाल, चंचल रस्तौगी, शालिनी, आशा, रेखा, सोमवती, रामवती, पुष्पा, दीवाकर, उमेश, सुरेश, विजय पाल और नारायण पाल आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |