Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊ पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को लक्ष्मण टीले में जलाभिषेक से रोका


उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को लक्ष्मण टीला में जलाभिषेक नहीं करने दिया। महासभा जलाभिषेक के लिए बिठूर से गंगाजल लेकर आई थी, लेकिन पुलिस ने महासभा के लोगों को सड़क पर नहीं निकलने दिया। महासभा के दफ्तर और टीले वाली मस्जिद में पुलिस लगा दी गई। महासभा के लोगों का कहना है कि आज तो पुलिस ने जलाभिषेक नहीं करने दिया, लेकिन वो जलाभिषेक करेंगे जरूर। लक्ष्मण टीले में अभी टीले वाली मस्जिद है। हिंदू पक्ष का मानना है कि यहां लक्ष्मण टीला है और तिलेश्वर महादेव मंदिर है, जिसे तोड़कर मस्जिद बनाई गई है। फिलहाल ये मामला कोर्ट में है।

सावन के आखिरी सोमवार के मौके पर अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के लोग बिठूर से गंगाजल लेकर लखनऊ पहुंचे हैं। ये लोग लक्ष्मण के टीले पर जल चढ़ाना चाहते थे। यहां टीले वाली मस्जिद है। ऐसे में यह जगह विवादित है। हिंदू और मुस्लिम पक्ष यहां अपना दावा पेश करते हैं। ऐसे में जल चढ़ाने के दौरान कानून व्यवस्था खराब हो सकती थी। इसी वजह से पुलिस ने त्रिदंडी महासभा को रोका है।

हिंदू पक्ष कई साल से लक्ष्मण के टीले पर पूजा-अर्चना करने का अधिकार मांग रहा है। हिंदू पक्ष के अनुसार लखनऊ के पुराने क्षेत्र में स्थित टीले वाली मस्जिद कथित तौर पर लक्ष्मण टीला है। दावा है कि लक्ष्मण टीला पर शेष नागेश तिवेश्वर और शेष नागेश पटल कूप का मंदिर स्थित है। हिंदू पक्ष का आरोप है कि मुस्लिम शासक औरंगजेब के काल में लक्ष्मण टीला को ध्वस्त कर उस स्थान पर एक मस्जिद का निर्माण किया गया, जिसे अब टीले वाली मस्जिद के तौर पर जाना जाता है। फरवरी 2024 में हिंदू पक्ष ने लखनऊ की एक जिला अदालत में कहा था कि जून, 2023 में जब वे लक्ष्मण टीले पर पूजा करने गए तो मुस्लिम पक्ष ने उन्हें धमकाया था। इसके बाद उन्होंने अदालत में याचिका दायर कर बिना रोक-टोक के पूजा की अनुमति मांगी थी। अभी भी इस मामले में सुनवाई चल रही है।

उत्तर प्रदेश में राम मंदिर का विवाद सुलझ चुका है, लेकिन अभी भी वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद और मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि को लेकर अलग-अलग अदालतों में सुनवाई चल रही है। मथुरा के मामले में शाही ईदगाह को लेकर विवाद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |