Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका कर चोरों ने कर ली लाखों की चोरी


बिहार के औरंगाबाद जिले में चोरी की ऐसी घटना हुई है जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। चोरों ने चोरी करने से पहले पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका दिया ताकि वह भौंककर लोगों को अलर्ट न कर सके। दरअसल, औरंगादाब जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरवार गांव में बीती रात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। गांव के बीचों-बीच हुई इस चोरी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया गया कि रात में तेज बारिश हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।

पीड़ित आलोक सिंह, पिता - शिव कुमार सिंह, ग्राम - भरवार ने बताया कि घर में वे और उनकी पत्नी अलग कमरे में सोए हुए थे। बच्चे रक्षाबंधन में बहन के घर तथा मां, पिताजी और भतीजी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए। बारिश तथा घर में चल रहे कूलर की आवाज का फायदा उठाते हुए चोरों ने सबसे पहले आंगन में बंधे पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह भौंक न सके और किसी को भनक तक न लगे।

इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से घर के तीन कमरों के दरवाजों के ताले तोड़ दिए। कमरों के अंदर रखी दो गोदरेज की अलमारी और दो लोहे के ट्रंक को तोड़कर सारा सामान तितर-बितर कर दिया। पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे लगभग साढ़े तीन से चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह उठने पर जब उन्होंने कमरों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता एवं ओरा पंचायत के भावी प्रत्याशी विक्रम कुमार सिंह उर्फ राजा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटना पर तुरंत एक्शन लिया जाए और यह पता लगाया जाए कि कौन लोग इसमें शामिल हैं। साथ ही उन्होंने थाना क्षेत्र के प्रत्येक गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में चोर सक्रिय हो जाते हैं और गांव के बीचों-बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इधर मामले की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस दल-बल के साथ गांव पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित के भारत बयान पर प्राथमिक की दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |