तीन शोकाकुल परिवारों को 83 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, बोलेकृविपत्ति में साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता
लंभुआ/सुल्तानपुर। अपनों को खोने का दुख और उस पर आर्थिक संकट किसी परिवार के लिए दोहरी पीड़ा से कम नहीं होता। ऐसे कठिन समय में जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनते हुए सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं निषाद पार्टी के वरिष्ठ नेता, 190 लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के डॉ. आशीष तिवारी ने तीन शोकाकुल परिवारों को कुल 83 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
अर्जुनपुर निवासी कुंवर बहादुर पाल की माता के निधन की जानकारी मिलने पर डॉ. आशीष तिवारी ने परिवार से संपर्क कर सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने दाह संस्कार से लेकर तेरहवीं संस्कार तक होने वाले खर्च में सहयोग के लिए 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
इसी क्रम में संसारीपुर निवासी राजपत गोसाईं के निधन पर उनके परिजनों को तेरहवीं संस्कार के खर्च में सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
वहीं ग्राम पंचायत गौहानी के मनोरथपुर बनकटवा निवासी विजय उपाध्याय की सड़क हादसे में आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलने पर डॉ. आशीष तिवारी अपनी टीम के साथ उनके घर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत के पिता एवं परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की।
डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि किसी अपने को खोने के दर्द की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना समाज और सक्षम लोगों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और असहाय परिवारों की मदद करना ही सच्ची मानवता है। सेवा का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं, बल्कि मुश्किल समय में पीड़ित परिवार को यह भरोसा दिलाना भी है कि वह अकेला नहीं है।
सेवार्थम फाउंडेशन की ओर से लगातार किए जा रहे सेवा कार्यों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संकट की घड़ी में सहारा मिल रहा है। आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले परिवारों के परिजनों ने डॉ. आशीष तिवारी एवं सेवार्थम फाउंडेशन के प्रति आभार जताया।
