बीसलपुर। अमरा करोड़ गांव के 17 वर्षीय छात्र सुरजीत की संदिग्ध मौत का मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद भी पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है, जबकि पुलिस का कहना है कि अब तक हत्या के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सुरजीत खेतों में घास काटने गया था। दोपहर में उसका शव गांव के बाहर एक नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने पड़ोसी परिवार पर जमीन विवाद के चलते हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया।
मृतक के पिता नन्हेलाल की तहरीर पर पड़ोसी कुंवरसेन, उसकी पत्नी सुनीता देवी तथा पुत्र सौरभ कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे की हत्या की गई।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन गिरफ्तारी से पहले साक्ष्य जुटाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि करने वाले पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्य तथा अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस एहतियातन गांव में नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। वहीं मृतक के परिजनों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
.jpg)