बरखेड़ा। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के बर्रामऊ गांव में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि गांव के निकट एक पशु का अधखाया शव मिला है, जिसे तेंदुए द्वारा शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद लोगों ने खेतों की ओर जाना कम कर दिया है और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई महीनों से बरखेड़ा क्षेत्र के बहादुरपुर हुक्मी और आसपास के इलाकों में तेंदुए की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया था, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। अब बर्रामऊ क्षेत्र में भी तेंदुए की गतिविधियां सामने आने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। गांव के लोगों का कहना है कि शाम ढलने के बाद खेतों और जंगल की ओर जाने में डर लगने लगा है। बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। उनका कहना है कि वन विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद अब तक तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए, कैमरा ट्रैप लगाए जाएं तथा तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
.jpg)