पीलीभीत। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा जनपद देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जिले के सरकारी कार्यालयों, पुलिस लाइन, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा शान से लहराया। जगह-जगह राष्ट्रगान, देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। डीएम ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद मिली आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से देश और समाज के हित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, समाजसेवी, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं तथा निबंध, चित्रकला और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गांधी सभागार में कवि अविनाश चन्द्र मिश्रा ने कविता पाठ तथा एडवोकेट दिनेश यादव ने बांसुरी वादन कर कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।
डीएम ने तहसील सदर के सामने निवासरत गरीब परिवारों को फल वितरित किए तथा वाल्टन क्लब में भी ध्वजारोहण किया।
गांधी प्रेक्षागृह परिसर में प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने ध्वजारोहण किया। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और इंडिया क्विज के ओपन क्विज प्रतियोगिता का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने प्रतिभागियों और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात महापुरुषों के बलिदान का परिणाम है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि जनपद को मेडिकल कॉलेज जैसी सौगात मिली है और जनपद औद्योगीकरण की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। भरापचपेडा में एबी मौरी फैक्ट्री के निर्माण से युवाओं को रोजगार मिला है तथा आने वाले समय में और उद्योग स्थापित होने की उम्मीद है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज, मुफ्त राशन, आवास सहित अनेक सुविधाएं आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं। ओपन क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंसूर अहमद शम्सी ने किया।
रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। एसपी ने पुलिसकर्मियों से देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के साथ कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने के लिए निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया को सराहनीय कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह-रजत प्रदान कर सम्मानित किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार राघव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के क्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकिर्ती माधव ने बल्लभ नगर स्थित शहीद पार्क पहुंचकर शहीदों को नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए। पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश गूंजता रहा। सरकारी कार्यालयों से लेकर विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों तक तिरंगे की आन-बान-शान के साथ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
