Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः लिटिल एंजिल्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस! देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर, नन्हे-मुन्नों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां


पीलीभीत। लिटिल एंजिल्स स्कूल में देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति ने पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के भाव से भर दिया।राष्ट्रगान के पश्चात विद्यालय के बच्चों एवं स्टाफ द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत ‘सारे जहां से अच्छा’ प्रस्तुत किया गया। वहीं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर में अद्भुत ऊर्जा एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्नों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में खूब तालियां बटोरीं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के बीच इंटर हाउस देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिसर में हर ओर तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारों की गूंज दिखाई दी।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमारे लिए गौरव का विषय है, लेकिन इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व भी है कि वह अपने मौलिक कर्तव्यों को न भूले। हमें देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता और राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। समारोह का समापन देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की उन्नति के लिए शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |