सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में बुधवार को कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं एसपीसीए की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक एसपीसीए का पंजीयन नवीनीकरण करा लिया गया है और इसमें गैर-सदस्यों को नामित किया गया है।
एआरटीओ द्वारा राज्य मार्गों पर अवैध पशुओं के प्रकरण संज्ञान में लाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्यमार्गों पर सतत निगरानी रखकर उन्हें अवैध पशुओं से मुक्त रखा जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
नीलगाय द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान के संबंध में जिलाधिकारी ने विस्तृत कार्य योजना बनाकर फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर क्षेत्र में मांस की दुकानों को व्यवस्थित करने को भी कहा गया।
पशुओं के उपचार के लिए चिकित्सालयों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अगली बैठक में सभी वेटनरी ऑफिसर्स निरीक्षण और उपचार का फोटो सहित पूरा विवरण लेकर उपस्थित हों।
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एफएमडी टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पशु आरोग्य मेला सितंबर-अक्टूबर में गाइडलाइन आने के बाद आयोजित होगा। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान में जनपद मंडल में द्वितीय स्थान पर है और इसे बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है।
कुक्कुट विकास नीति के तहत अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए पोल्ट्री फार्मों से संपर्क कर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पशुधन बीमा योजना में वर्तमान वित्तीय वर्ष में कोई लक्ष्य नहीं है, जबकि पिछले वर्ष 1624 पशुओं का बीमा हुआ था। नन्दबाबा दुग्ध मिशन योजना का लक्ष्य पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगली बैठक में सभी वेटनरी ऑफिसर्स अपने-अपने ब्लॉक का आंकड़ा प्रस्तुत करें कि उन्होंने क्या किया, क्या कर रहे हैं और क्या करेंगे। साथ ही फील्ड मोबाइल वैन के साथ कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।
