Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बेड बॉक्स के अंदर छिपा बैठा था 'ठग नटवरलाल', पुलिस ने छान मारा घर


राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना पुलिस ने किसानों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बेहद अनोखे अंदाज में गिरफ्तार किया है। पुलिस जब आरोपी के घर दबिश देने पहुंची तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए घर में ही बेड के अंदर कपड़ों के ढेर के नीचे छिपकर बैठ गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद पुलिस ने उसकी चालाकी नाकाम कर दी और बेड के अंदर से बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बेड से बाहर निकालने का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल सैनी पुत्र नंदलाल पर उत्तर प्रदेश के एक किसान से आम मंगवाने के नाम पर करीब 90 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। किसान की शिकायत मिलने के बाद सिंघाना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी के घर दबिश दी।

पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने खुद को बचाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को भी उसके वहां होने का अंदाजा नहीं हो सके। उसने घर में रखे बेड के अंदर घुसकर ऊपर कपड़े डाल लिए, लेकिन पुलिस टीम ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली। आखिरकार बेड के अंदर छिपे आरोपी का पता चल गया और उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। आरोपी को बेड से बाहर निकालने का वीडियो सामने आने के बाद लोग उसकी तुलना फिल्मी किरदारों और 'ठग नटवरलाल' से कर रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ करीब एक वर्ष पहले चेक बाउंस का मामला भी दर्ज हो चुका है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि उसने अन्य किसानों या व्यापारियों के साथ भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि पूछताछ में अन्य ठगी के मामलों का खुलासा होता है तो उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |